SDRF उत्तराखंड को मिला ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र, सीएम धामी ने दी बधाई

0
sdrf iso

देहरादून: उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) को ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर SDRF के अधिकारियों और जवानों को बधाई देते हुए इसे आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में संगठन की कार्यकुशलता, अनुशासन और सेवा समर्पण का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में SDRF की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में बल के जवान तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य करते हैं और प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने में अहम योगदान देते हैं।

गुणवत्ता प्रबंधन के क्षेत्र में SDRF की उपलब्धि

सीएम धामी ने कहा कि ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र प्राप्त होना संगठन में प्रभावी प्रबंधन व्यवस्था, निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन, कार्यों की गुणवत्ता और निरंतर सुधार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इसे SDRF के अधिकारियों और जवानों की मेहनत, समर्पण तथा टीम भावना का परिणाम बताया।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि SDRF भविष्य में भी आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव कार्यों में दक्षता बढ़ाते हुए उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करेगा।

आपदा प्रबंधन तंत्र को आधुनिक बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन तंत्र को आधुनिक, सक्षम और प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य आपदाओं के दौरान जन-धन की हानि को कम करना और प्रभावित लोगों तक समय पर राहत एवं सहायता पहुंचाना है।

उन्होंने SDRF के अधिकारियों और जवानों से इसी तत्परता, सेवाभाव और समर्पण के साथ काम करते रहने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी सहित बल के सभी अधिकारियों, जवानों और संबंधित कार्मिकों को शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here