Chamoli news : निर्माणाधीन हाइड्रो पॉवर प्रोजेक्ट में हादसा, टनल में टकराई लोको ट्रेने, 70 घायल

उत्तराखंड के चमोली (Chamoli) में विष्णुगाड़- पीपलकोटी हाईड्रोपॉवर प्रोजेक्ट में बड़ा हादसा हो गया है। प्रोजेक्ट की टनल में दो लोको ट्रेनें आपस में टकरा गईं हैं। इस हादसे में तकरीबन 70 मजदूर और अधिकारी घायल हो गए हैं। शुरुआती जांच में हादसे की वजह एक लोको ट्रेन का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।

शिफ्ट बदलने के दौरान हादसा

दरअसल चमोली में विष्णुगाड़- पीपलकोटी हाईड्रोपॉवर प्रोजेक्ट में 13 किलोमीटर लंबी टनल का निर्माण किया जा रहा है। इस टनल का तकरीबन 6 किलोमीटर का हिस्सा पूरा हो गया है। इस टनल में मंगलवार की रात मजदूरों औऱ अधिकारियों की शिफ्ट बदली जा रही थी। इस दौरान मजदूर और अधिकारी लोको ट्रेनों से जा रहे थे। एक तरफ से नई शिफ्ट के कर्मचारी आ रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ से खत्म होती शिफ्ट के कर्मचारी निकल रहे थे। इसी दौरान दोनों कर्मचारियों को लेकर आ रही ट्रांसपोर्ट ट्रेने आपस में टकरा गईं।

109 लोग थे सवार, कई को हुआ फ्रैक्चर

इस हादसे के समय इन ट्रेनों में 109 लोग सवार थे। चमोली के एसपी सुरजीत सिंह ने बताया, '42 घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 4-5 लोगों को फ्रैक्चर हुआ है। 17 लोगों को पीपलकोटी के विवेकानंद अस्पताल में भर्ती किया गया है।' उन्होंने बताया कि दोनों अस्पतालों में अधिकारी मौजूद हैं।

डीएम गौरव कुमार ने बताया कि 70 मजदूरों को इलाज के लिए गोपेश्वर के जिला अस्पताल लाया गया, जिनमें से 66 को फर्स्ट एड के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि चार मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। पीपलकोटी विवेकानंद अस्पताल में 18 मजदूरों को फर्स्ट एड देकर घर भेज दिया गया। 21 मजदूरों को कोई चोट नहीं लगी और वे सीधे हादसे वाली जगह से घर लौट गए।

सीएम ने ली जानकारी, दिए निर्देश

हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के डीएम से फोन पर बात कर हालात की पूरी जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर मेडिकल इलाज मिले और जरूरत पड़ने पर उन्हें हायर सेंटर में भेजा जाए।

Alka Tiwari

अलका तिवारी पिछले तकरीबन बीस वर्षों से पत्रकारिता से जुड़ी हैं। इलेक्ट्रानिक मीडिया के साथ ही अलका तिवारी प्रिंट मीडिया में भी लंबा अनुभव रखती हैं। बदलते दौर में अलका अब डिजिटल मीडिया के साथ हैं और खबरदेवभूमि.कॉम में प्रमुख भूमिका निभाती हैं।

---Advertisement---

Leave a Comment