देहरादून। कुमाऊं क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को बड़ी मंजूरी मिल गई है। राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) ने एयरपोर्ट के विस्तार प्रस्ताव को पर्यावरणीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस परियोजना के तहत पंतनगर एयरपोर्ट के मौजूदा 1,372 मीटर रनवे को बढ़ाकर 3,000 मीटर किया जाएगा। करीब 375.33 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से बड़े विमानों के संचालन की क्षमता विकसित होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यावरणीय मंजूरी मिलने का स्वागत करते हुए इसे कुमाऊं के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार से पर्यटन, उद्योग और रोजगार को नई गति मिलेगी। साथ ही आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, परियोजना के तहत किसी परिवार को विस्थापित नहीं करना पड़ेगा और पर्यावरणीय मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाएगा। राज्य सरकार केंद्र और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के साथ समन्वय कर परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करने का प्रयास करेगी।
1,372 मीटर से बढ़कर 3,000 मीटर होगा रनवे
ऊधम सिंह नगर जिले में स्थित पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार की योजना भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने तैयार की है। परियोजना के तहत एयरपोर्ट के रनवे, टर्मिनल भवन, एप्रन, टैक्सीवे और अन्य आवश्यक विमानन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
वर्तमान में रनवे की लंबाई 1,372 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 3,000 मीटर किया जाएगा। यानी रनवे में कुल 1,628 मीटर की वृद्धि होगी। इससे एयरपोर्ट पर बड़े विमानों के संचालन की क्षमता विकसित हो सकेगी।
937 से बढ़कर 9,437 वर्ग मीटर होगा टर्मिनल
एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का भी बड़े स्तर पर विस्तार किया जाएगा। वर्तमान में 937 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले टर्मिनल को बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा। इसके लिए करीब 8,500 वर्ग मीटर का नया निर्माण प्रस्तावित है।
विमानों की पार्किंग सुविधा भी बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में दो विमान पार्किंग स्टैंड हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर सात की जाएगी। वहीं टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या एक-एक से बढ़ाकर दो-दो की जाएगी।
विस्तार के बाद एयरपोर्ट को सालाना करीब 10.1 लाख यात्रियों की आवाजाही संभालने की क्षमता के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
321 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में होगा एयरपोर्ट का विस्तार
विस्तार के बाद पंतनगर एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल लगभग 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा। इसमें 109.017 हेक्टेयर मौजूदा एयरपोर्ट भूमि और 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि शामिल होगी।
परियोजना के लिए समतल कृषि एवं खुली भूमि का उपयोग किया जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार, विस्तार के लिए किसी परिवार को विस्थापित अथवा पुनर्वासित करने की आवश्यकता नहीं होगी।
बिजली, पानी और सीवेज प्रबंधन की भी व्यवस्था
विस्तारित एयरपोर्ट की बिजली की मांग लगभग 1.6 मेगावाट आकलित की गई है, जबकि पानी की दैनिक आवश्यकता 154 किलोलीटर होगी। पानी की आपूर्ति भूजल और अनुमोदित स्थानीय स्रोतों से की जाएगी।
एयरपोर्ट से प्रतिदिन करीब 136 किलोलीटर गंदा पानी निकलने का अनुमान है। इसके उपचार के लिए 165 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित किया जाएगा। उपचारित पानी का उपयोग फ्लशिंग और बागवानी में दोबारा किया जाएगा।
परियोजना से सालाना लगभग 505 टन ठोस कचरा उत्पन्न होने का अनुमान है, जिसके प्रबंधन के लिए निर्धारित व्यवस्था लागू की जाएगी।
सौर ऊर्जा क्षमता बढ़कर 232 किलोवाट होगी
एयरपोर्ट विस्तार के तहत बिजली आपूर्ति के लिए मौजूदा डीजल जनरेटरों के अलावा 1,010 केवीए क्षमता के तीन नए डीजी सेट लगाए जाएंगे।
वहीं सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता को भी बढ़ाने की योजना है। वर्तमान में एयरपोर्ट की सौर क्षमता 160 किलोवाट है, जिसे 72 किलोवाट के नए सौर संयंत्र के साथ बढ़ाकर 232 किलोवाट किया जाएगा।
पांच हेक्टेयर अतिरिक्त हरित क्षेत्र विकसित होगा
पर्यावरण संरक्षण के तहत एयरपोर्ट परिसर में मौजूदा 48.19 हेक्टेयर हरित क्षेत्र के अतिरिक्त करीब पांच हेक्टेयर नया हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। परियोजना के पर्यावरणीय प्रभावों को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण प्रबंधन योजना (EMP) लागू होगी।
निर्माण कार्य के दौरान विमानन सुरक्षा, रनवे और टैक्सीवे के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, क्रेन एवं निर्माण ढांचों की निर्धारित ऊंचाई, मलबे और बाहरी वस्तुओं (FOD) को रनवे तक पहुंचने से रोकने जैसे उपायों का पालन करना होगा।
पर्यावरणीय मंजूरी तक ऐसे पहुंचा प्रस्ताव
पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के पर्यावरणीय आकलन की प्रक्रिया सितंबर 2025 में शुरू हुई थी। इसके बाद जन सुनवाई, पर्यावरणीय अध्ययन और समिति की समीक्षा के विभिन्न चरण पूरे किए गए।
- 19 सितंबर 2025: SEIAA उत्तराखंड ने परियोजना के लिए संदर्भ शर्तें (ToR) जारी कीं।
- 10 मार्च 2026: उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UKPCB) ने जन सुनवाई आयोजित की।
- 29 जून 2026: AAI ने PARIVESH पोर्टल पर परियोजना प्रस्ताव और अंतिम पर्यावरणीय प्रभाव आकलन रिपोर्ट प्रस्तुत की।
- 7 अक्टूबर 2026: राज्य स्तरीय पर्यावरण प्रभाव आकलन समिति (SCEIA) ने पहली बैठक में प्रस्ताव पर विचार किया और अतिरिक्त जानकारी मांगी।
- 3 नवंबर 2026: समिति ने अतिरिक्त जानकारी, जन सुनवाई, पर्यावरणीय प्रभाव और पर्यावरण प्रबंधन योजना की समीक्षा के बाद मंजूरी की सिफारिश की।
इसके बाद मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाले SEIAA ने परियोजना को पर्यावरणीय स्वीकृति प्रदान की।
विमानन सुरक्षा और पर्यावरणीय शर्तों का करना होगा पालन
परियोजना को मंजूरी के साथ कई शर्तें भी निर्धारित की गई हैं। एयरपोर्ट का विस्तार स्वीकृत लेआउट और सक्षम विमानन प्राधिकरणों की अनुमति के अनुसार किया जाएगा। निर्माण के दौरान रनवे, टैक्सीवे और एप्रन के आसपास निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करना होगा।
निर्माण सामग्री, मलबे और बाहरी वस्तुओं को रनवे तक पहुंचने से रोकने के लिए विशेष व्यवस्था करनी होगी। इसके अलावा क्रेन, लाइट और निर्माण ढांचों की ऊंचाई विमानन सुरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुरूप रखनी होगी।
पंतनगर एयरपोर्ट का प्रस्तावित विस्तार पूरा होने के बाद कुमाऊं क्षेत्र की हवाई सेवाओं, पर्यटन, औद्योगिक गतिविधियों और निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

