शीतकाल के लिए बंद हुए बदरीविशाल के कपाट, अंतिम दिन भी हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, चार धाम यात्रा भी संपन्न

Date:

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »

बदरीनाथ (चमोली)। उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 का सोमवार रात विधिवत समापन हो गया। बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर की रात 9 बजकर 37 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के अंतिम दिन 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इस दौरान मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया और श्रद्धालुओं को भगवान के विशेष पुष्प श्रृंगार के दर्शन हुए।

रविवार को हुई बारिश और बर्फबारी के बाद बदरीनाथ धाम में ठंड काफी बढ़ गई थी। इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा और बड़ी संख्या में तीर्थयात्री अंतिम दर्शन के लिए धाम पहुंचे। कपाट बंद होने के अवसर पर सेना के बैंड की मधुर धुनों और ‘जय बदरीविशाल’ के उद्घोष से पूरा धाम गूंज उठा।

स्वर्ण श्रृंगार की जगह हुआ फूलों से विशेष श्रृंगार

कपाट बंद होने के दिन भगवान बदरीविशाल का विशेष पुष्प श्रृंगार किया गया। सामान्य दिनों में होने वाले स्वर्ण श्रृंगार की जगह भगवान नारायण को फूलों से सजाया गया। सुबह ब्रह्ममुहूर्त में मंदिर के कपाट खोले गए। इसके बाद भगवान का अभिषेक, विशेष पूजा और श्रृंगार किया गया। दिनभर श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिला।

रावल ने निभाई सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा

शाम आठ बजे से कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हुई। बदरीनाथ के मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी ने परंपरा के अनुसार स्त्री वेश धारण किया और लक्ष्मी मंदिर से माता लक्ष्मी की मूर्ति लाकर भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान किया।

इसके बाद बदरीश पंचायत में विराजमान भगवान कुबेर और उद्धव की उत्सव प्रतिमाओं को मंदिर परिसर में लाया गया। रावल ने भगवान बदरीनाथ की निर्वाण शिला मूर्ति को परंपरा के अनुसार घृत कंबल ओढ़ाया। धर्माधिकारी आचार्य स्वयंवर सेमवाल और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके बाद रात 9 बजकर 37 मिनट पर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ के लिए रवाना होंगी देव डोलियां

कपाट बंद होने के बाद मंगलवार से शीतकालीन पूजा स्थलों पर धार्मिक गतिविधियां शुरू होंगी। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार, भगवान उद्धव और कुबेर की उत्सव डोलियां सेना के बैंड की धुनों के बीच योग बदरी मंदिर, पांडुकेश्वर के लिए रवाना होंगी। वहीं गरुड़ और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी।

बदरीनाथ में साढ़े 23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि इस यात्रा वर्ष बदरीनाथ धाम में साढ़े 23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। उन्होंने देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं और तीर्थ पुरोहित समाज का आभार जताया।

चारधाम यात्रा के समापन के साथ ही अब उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा की तैयारियां तेज होंगी। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद श्रद्धालु शीतकालीन पूजा स्थलों पर भगवान के दर्शन कर सकेंगे।

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »
Alka Tiwari
Alka Tiwarihttps://khabardevbhoomi.com
अलका तिवारी पिछले तकरीबन बीस वर्षों से पत्रकारिता से जुड़ी हैं। इलेक्ट्रानिक मीडिया के साथ ही अलका तिवारी प्रिंट मीडिया में भी लंबा अनुभव रखती हैं। बदलते दौर में अलका अब डिजिटल मीडिया के साथ हैं और खबरदेवभूमि.कॉम में प्रमुख भूमिका निभाती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अन्य समाचार

Uttarakhand Roller Skating Championship 2026:208 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, देखें पूरी Winner List

देहरादून: Uttarakhand Roller Skating Championship 2026: उत्तराखंड की खेल...

उत्तराखंड के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली के बाद बड़ी सौगात, महंगाई भत्ता 3% बढ़ा, अब मिलेगा 63 फीसदी DA

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य...