Dehradun: DM के हस्तक्षेप से ICICI बैंक ने माफ किया ऋण, जानिए कैसे लौटाए घर के कागजात

देहरादून, 16 अक्टूबर 2025 (सूवि): (ICICI बैंक Returns Property Deeds) देहरादून जिला प्रशासन के त्वरित और मानवीय हस्तक्षेप से, अपने दिव्यांग बेटे और बेटी के साथ विगत माह जिलाधिकारी सविन बंसल से गुहार लगाने वाली विधवा शोभा रावत को बड़ी राहत मिली है। ICICI बैंक ने उनका ऋण माफ कर, बकाया राशि को बेहद कम सेटलमेंट में निपटाया और उनके घर के महत्वपूर्ण कागजात वापस कर दिए।

डीएम से लगाई थी गुहार, सुनाई थी व्यथा

विगत माह देर सायं, शोभा रावत अपने शत-प्रतिशत दिव्यांग बेटे और बेटी के साथ जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी सविन बंसल से मिली थीं। उन्होंने अपनी व्यथा बताते हुए कहा था कि उनके पति की पिछले वर्ष 2024 में आकस्मिक मृत्यु हो गई। पति की मृत्यु के बाद दो बच्चों की परवरिश और रोजगार का कोई साधन न होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय है।

ऋण बीमा के बावजूद नहीं हो रहा था ऋण माफ

शोभा ने बताया था कि उन्होंने ICICI बैंक से ₹17 लाख का ऋण लिया था। पति की मृत्यु के बाद ऋण बीमा (Insurance Claim) की कुल ₹13,20,662/- की धनराशि को ICICI बैंक ने लोन में समायोजित किया, लेकिन फिर भी लगभग ₹5,00,000/- की राशि बकाया थी, जिसे चुकाने में वह असमर्थ थीं। ऋण बीमा के बावजूद बकाया राशि का बोझ और घर के कागजात बैंक के पास होने से उनका पूरा परिवार मानसिक तनाव में था।

follow us on: https://www.facebook.com/Khabardevbhoomi

डीएम ने किया त्वरित हस्तक्षेप, एसडीएम ने किया फॉलोअप

मामले की गंभीरता को समझते हुए, जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल प्रभाव से सदर मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी (न्याय) कुमकुम जोशी को ICICI बैंक से समन्वय कर कार्यवाही के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी ने निरंतर इस प्रकरण का फॉलोअप किया और जिला प्रशासन के सशक्त हस्तक्षेप से बैंक के साथ बातचीत हुई।

बकाया ₹5 लाख की राशि ₹10,000 में हुई सेटल

जिला प्रशासन के मानवीय और दृढ़ प्रयासों से ICICI बैंक ने व्यथित विधवा शोभा रावत के प्रति सहानुभूति दिखाते हुए बड़ा फैसला लिया। लगभग ₹5 लाख की बकाया ऋण राशि को मात्र ₹10 हजार में ही सेटल कर दिया गया और बैंक ने उन्हें ‘नो ड्यूज’ (No Dues) प्रमाण पत्र जारी कर दिया। इसके साथ ही, उनके घर के कागजात भी वापस लौटा दिए गए।

परिवार सहित कलेक्ट्रेट पहुंचकर दिया धन्यवाद

आज, 16 अक्टूबर 2025 को, ICICI बैंक से अपने घर के कागजात वापस मिलने और कर्ज के बोझ से मुक्ति पाने के बाद शोभा रावत अपने परिवार के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं और जिलाधिकारी सविन बंसल एवं उनकी टीम का हृदय से धन्यवाद किया। जिला प्रशासन के इस कदम से शोभा का न सिर्फ इतनी बड़ी कर्ज की राशि का बोझ उतरा, बल्कि उनका घर भी सुरक्षित हो गया।

शोभा को जल्द मिलेगी आर्थिक सहायता

जिलाधिकारी सविन बंसल ने शोभा के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें रोजगार हेतु ‘राइफल क्लब’ से भी आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं, जो उन्हें जल्द ही मिलेगी। जिला प्रशासन देहरादून के इस त्वरित और संवेदनशील एक्शन से असहाय एवं व्यथित जनमानस में सरकार, शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और यह दर्शाता है कि जिलाधिकारी के समक्ष आने वाले फरियादियों को शिक्षा, रोजगार, ऋणमाफी, संपत्ति वापसी के साथ न्याय मिल रहा है।

Advertisement

Alka Tiwari

अलका तिवारी पिछले तकरीबन बीस वर्षों से पत्रकारिता से जुड़ी हैं। इलेक्ट्रानिक मीडिया के साथ ही अलका तिवारी प्रिंट मीडिया में भी लंबा अनुभव रखती हैं। बदलते दौर में अलका अब डिजिटल मीडिया के साथ हैं और खबरदेवभूमि.कॉम में प्रमुख भूमिका निभाती हैं।

---Advertisement---

Leave a Comment