उत्तराखंड में बारिश का कहर, राज्य में सात लोगों की मौत, दून-मसूरी मार्ग पर आया मलबा

0
disaster in dehradun

उत्तराखंड में बारिश ने एक बार फिर से मुसीबत देनी शुरू कर दी है। फिर एक बार सक्रिय हुए मॉनसून ने कहर बरपाया है। देहरादून में भारी बारिश से उफनाई नदी में कार बहने से दो लोगों की मौत हो गई है जबकि अल्मोड़ा जनपद में पांच लोगों की मौत रिपोर्ट की गई है। मंगलवार को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है।

उफनाई नदी में बही कार, दो लोगों मौत

देहरादून जिले के प्रेमनगर इलाके में लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास एक कार बरसाती पानी के तेज बहाव में एक रपटे को पार करते हुए पलट गई और पानी के बहाव में ही बह गयी। इस हादसे में कार में सवार एक युवक और एक युवती की मौत हो गई। वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ ने दो किलोमीटर की दूरी पर एक युवती को सुरक्षित रेसक्यू कर लिया और उसे निकाल कर ले आए।

अल्मोड़ा में पांच लोगों की मौत

वहीं अल्मोड़ा में हुए दो अलग अलग हादसों में कुल पांच लोगों की मौत की खबर है। पहला हादसा अल्मोड़ा के वडयूड़ा गांव में हुआ। यहां लगातार हो रही बारिश से एक घर में मलबा आ घुसा। इस हादसे में घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मलबे में दबने से मां, बेटी और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक अन्य कमरे में सोए बुजुर्ग ने बाहर भाग कर अपनी जान बचाई। वहीं दूसरा हादसा अल्मोड़ा नगर क्षेत्र के धार की तुनी इलाके में हुआ है। इस हादसे में दो नेपाली मजदूरों की मलबे में दबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि अचानक एक टीन शेड की दीवार गिर गई और उसकी चपेट में आने से दो नेपाली मजदूरों की मौत हो गई।

देहरादून – मसूरी मार्ग पर आया मलबा

वहीं लगातार हो रही बारिश से देहरादून से मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास मंगलवाल को सुबह करीब पांच बजे भू-धंसाव होने से सड़क यातायात रोकना पड़ा। काफी देर तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रुकी रही। मौके पर पंहुची लोक निर्माण विभाग की टीम ने मौके पर जेसीबी मंगाकर रास्ता साफ कराया तब कहीं जाकर यातायात शुरू हो पाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here