उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रैक पर लापता आठ लोगों की तलाश के दौरान मंगलवार को दो शव बरामद किए गए। इन ट्रैकर्स के शवों को हेलिकॉप्टर के माध्यम से आज यानी बुधवार को नीचे लाया जाएगा। जिनके शव मिले हैं उनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। शवों की बरामदगी के बाद भी छह अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है। बचाव अभियान में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) की टीमें जुटी हुई हैं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने दो शव मिलने की पुष्टि की है। मंगलवार को मौसम में सुधार होने के बाद SDRF और NIM की संयुक्त हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम ने करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान टीम को बर्फ में दबे एक महिला और एक पुरुष के शव मिले। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ये दोनों शव लापता ट्रैकर्स के हो सकते हैं। शवों की पहचान की पुष्टि होना बाकी है।
29 अक्टूबर को एवलॉन्च की चपेट में आया था ट्रैकिंग दल
जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को केदारताल ट्रैक पर कच्ची ढांग और भोजखड़क के आसपास भारी बर्फबारी और एवलॉन्च की घटना हुई थी। इस दौरान ट्रैकिंग दल के आठ लोग लापता हो गए थे। दल के कुछ सदस्य सुरक्षित लौटकर गंगोत्री पहुंचे थे और उन्होंने प्रशासन को घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया।
लापता लोगों में पश्चिम बंगाल के पांच पुरुष ट्रैकर्स, उत्तर प्रदेश की दो महिला ट्रैकर्स और उत्तरकाशी का एक स्थानीय गाइड शामिल बताए गए हैं। हालांकि, बरामद दोनों शवों की आधिकारिक पहचान अभी सामने नहीं आई है।
खराब मौसम और बर्फबारी से रेस्क्यू अभियान में मुश्किल
केदारताल क्षेत्र में ऊंचाई, दुर्गम पहाड़ी रास्तों और लगातार बदलते मौसम के कारण बचाव अभियान में काफी कठिनाइयां आ रही हैं। भारी बर्फबारी और खराब दृश्यता के चलते टीमों को तलाशी अभियान चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
SDRF और NIM की टीमें मंगलवार को सुबह अभियान पर निकली थीं। दिनभर की तलाश के बाद टीम शाम करीब तीन बजे बेस कैंप लौट आई। बचाव दल ने अभियान के दौरान क्षेत्र में टेंट और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।
बुधवार को भी जारी रहेगी लापता लोगों की तलाश
प्रशासन के अनुसार, बुधवार को भी शेष छह लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान चलाया जाएगा। रेस्क्यू टीम को अतिरिक्त सहायता और जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। बरामद दोनों शवों को हेलिकॉप्टर के जरिए हर्षिल हेलीपैड तक लाने की योजना है।
केदारताल ट्रैक पर जारी यह अभियान खराब मौसम और बेहद कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच चलाया जा रहा है। प्रशासन और बचाव दल की प्राथमिकता शेष छह लापता लोगों का पता लगाना है।

