बिन्दुखत्ता में बनेगा 1000 लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक सभागार, सीएम धामी ने की घोषणा

Date:

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »

बिन्दुखत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की बैठक क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा की। साथ ही स्व. मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय, स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य कराने की भी घोषणा की।

जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति की ओर से आयोजित महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनके परिजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर लोकसंस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में उनके योगदान को याद किया गया।

लोकगीतों के जरिए समाज को दिया जागरूकता का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के समर्पित साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के जनजीवन, मातृशक्ति के संघर्ष, युवाओं की भावनाओं और सामाजिक चेतना की अभिव्यक्ति दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ गीत के माध्यम से प्रहलाद सिंह मेहरा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया। वहीं, ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीतों में अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम और जुड़ाव को स्वर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और रचनाएं लोगों को प्रेरित करती रहें।

लोकसंस्कृति के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

मुख्यमंत्री ने लोकथात महोत्सव के आयोजन के लिए समिति को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोकभाषाओं, लोकगीतों, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को सहेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ती है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां की प्राकृतिक सुंदरता के साथ समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकभाषाओं और परंपराओं से भी है। आधुनिकता के दौर में इस विरासत को संरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के संकल्प के साथ काम कर रही है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों के साथ मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत ऐतिहासिक और पौराणिक मंदिरों के विकास एवं सौंदर्यीकरण पर भी काम किया जा रहा है।

बिन्दुखत्ता में 30 करोड़ से हो रहा विद्युतीकरण

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि शेरनाला पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया गया है। विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शुरू किया गया है। सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर भी पुल निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बिन्दुखत्ता क्षेत्र में विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से काम किया जा रहा है। इसके तहत नए विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और बिजली लाइनों की स्थापना की जा रही है। लालकुआं क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हल्दूचौड़ के राजकीय महाविद्यालय का स्नातकोत्तर स्तर पर उच्चीकरण भी किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गौला और नंधौर नदियों से होने वाले भू-कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। वन क्षेत्रों से लगे गांवों में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ लगाने का काम भी किया जा रहा है।

बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने पर चल रही कार्रवाई

बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षा से जुड़ा विषय है। राज्य सरकार इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वनाधिकार समिति, बिन्दुखत्ता के प्रतिनिधियों से भी इस विषय पर चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

लोक कलाकारों को किया सम्मानित

महोत्सव के दौरान लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, दायित्वधारी शंकर कोरंगा, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लोक कलाकार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »
Alka Tiwari
Alka Tiwarihttps://khabardevbhoomi.com
अलका तिवारी पिछले तकरीबन बीस वर्षों से पत्रकारिता से जुड़ी हैं। इलेक्ट्रानिक मीडिया के साथ ही अलका तिवारी प्रिंट मीडिया में भी लंबा अनुभव रखती हैं। बदलते दौर में अलका अब डिजिटल मीडिया के साथ हैं और खबरदेवभूमि.कॉम में प्रमुख भूमिका निभाती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अन्य समाचार

चम्पावत को ₹165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने 21 का किया लोकार्पण और 33 का शिलान्यास

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत...