चम्पावत को ₹165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने 21 का किया लोकार्पण और 33 का शिलान्यास

Date:

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत जिले में 165.68 करोड़ रुपये की लागत वाली 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय काम करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से जिले में सड़क, जल निकासी, नागरिक सुविधाओं, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचे।

टनकपुर और बनबसा में जलभराव से मिलेगी राहत

टनकपुर और बनबसा में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के समाधान के लिए 86.83 करोड़ रुपये की लागत से जल निकासी योजना पर काम किया जाएगा। इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों और जल निकासी व्यवस्था का निर्माण एवं सुधार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर और बनबसा उत्तराखंड तथा नेपाल के बीच व्यापार, आवागमन और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। यहां आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

पूर्णागिरि में रोपवे, टनकपुर में बनेगा आधुनिक बस अड्डा

मुख्यमंत्री के अनुसार, टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। मां पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है।

शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत शारदा घाट के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए पहले चरण में 107.35 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम चल रहा है। इसकी समग्र परियोजना लागत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

इसके अलावा ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए 48.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बनबसा में लगभग 502 करोड़ रुपये की लागत से लैंड पोर्ट परियोजना विकसित की जा रही है। इससे सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, आवागमन और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

लोहाघाट में 256.97 करोड़ से बनेगा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत के पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान दिया जा रहा है। लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की बेटियों को खेल प्रशिक्षण और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।

इसके साथ ही लगभग 55.53 करोड़ रुपये की लागत से साइंस सेंटर और करीब 20 करोड़ रुपये से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से जिले में शैक्षिक और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की योजना है।

पांच लाभार्थियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में काम करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया। इनमें ग्राम बस्टिया, टनकपुर के त्रिलोक सिंह सामंत को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, ग्राम गुदमी, बनबसा की लक्ष्मी देवी को महिला बकरी पालन योजना और ग्राम उचोलीगोठ की पूजा महर को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

वहीं, ग्राम बिचई के रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) और ग्राम गुदमी के आनंद प्रसाद को स्वरोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मान मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना और उसे आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों की उपलब्धियां दूसरे लोगों को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर सकती हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »
Alka Tiwari
Alka Tiwarihttps://khabardevbhoomi.com
अलका तिवारी पिछले तकरीबन बीस वर्षों से पत्रकारिता से जुड़ी हैं। इलेक्ट्रानिक मीडिया के साथ ही अलका तिवारी प्रिंट मीडिया में भी लंबा अनुभव रखती हैं। बदलते दौर में अलका अब डिजिटल मीडिया के साथ हैं और खबरदेवभूमि.कॉम में प्रमुख भूमिका निभाती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अन्य समाचार

बिन्दुखत्ता में बनेगा 1000 लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक सभागार, सीएम धामी ने की घोषणा

बिन्दुखत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के...