देहरादून ब्रेकिंग न्यूज। देहरादून से सुबह - सुबह खौफनाक खबर आई है। देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के मालसी इलाके में दो कारों में ओवरटेक करने के दौरान हुए विवाद में हुई फायरिंग में वहां मार्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी की मौत हो गई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों में गहरी नाराजगी है।
गाड़ी ओवरटेक करने के चक्कर में विवाद, होने लगी फायरिंग
मिली जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला रोड रेज से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि दो एसयूवी कारें स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर मसूरी मार्ग से मालसी के पास से गुजर रही थीं। इन दोनों कारों में ओवरटेक करने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद एक कार में सवार लोगों ने आगे चल रही दूसरी कार के टायरों को निशाना बना कर गोली चला दी। ये गोली वहां से गुजर रहे मार्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी को लगी और वो गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद हड़कंप
इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंचे। खुद एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने भी मौके का मुआयना किया। हादसे के बाद इस रोड रेज मेंफॉर्च्यूनर कार वहीं पास की एक इमारत के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई जबकि स्कॉर्पियो N कार सवार मय गाड़ी वहां से भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने इस घटना के बाद पूरे शहर में नाकाबंदी शुरू कर दी है। कार को तलाश करने की कोशिश की जा रही है।