अरविंद पांडेय ने वायरल लेटर पर तोड़ी चुप्पी, गणेश गोदियाल को लेकर दिया ये बड़ा बयान

उधम सिंह नगर के गदरपुर से बीजेपी के विधायक अरविंद पांडेय ने अपने कथित वायरल लेटर पर चुप्पी तोड़ी है। अरविंद पांडेय ने कहा है कि जो लेटर वायरल हो रहा है वो उन्होंने लिखा ही नहीं है। अरविंद पांडेय ने इन वायरल पत्रों को दिखाते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर भी निशाना साधा है।

मैंने लिखा ही नहीं- अरविंद पांडेय

उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से वायरल हो रहे है बीजेपी विधायक अरविंद पांडेय के पत्र पर अब खुद उनका ही बयान सामने आया है। सोमवार को देहरादून स्थित बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में अरविंद पांडेय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। अरविंद पांडेय ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि जो पत्र सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है वो उन्होंने लिखा ही नहीं है।

गणेश गोदियाल पर निशाना

यही नहीं अरविंद पांडेय ने इन पत्रों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर निशाना साधा है। अरविंद पांडेय ने कहा है कि गणेश गोदियाल ने फर्जी पत्रों के सहारे आरोप लगाए हैं जो निराधार हैं।

क्या लिखा था वायरल पत्रों में

दरअसल हाल हां में सोशल मीडिया में दो पत्र वायरल हो रहे थे। इन पत्रों को अरविंद पांडेय के लेटर हेड पर लिखा गया था। इन दो पत्रों में कथित रूप से अरविंद पांडेय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर दुर्भावना से काम करने का आरोप लगाया था। हालांकि ये पत्र किसे लिखा गया इसकी जानकारी नहीं मिल पाई थी। इन वायरल पत्रों को गणेश गोदियाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाया था और इन पत्रों के बहाने बीजेपी में चल रही अंदरूनी खींचतान पर निशाना साधा था।

गणेश गोदियाल बोले, मुकदमा करा दें

वहीं अरविंद पांडेय की प्रेस कॉन्फ्रेंस और वायरल पत्रों को फर्जी बताए जाने के बाद गणेश गोदियाल की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। गणेश गोदियाल ने कहा है कि अगर ये पत्र फर्जी हैं तो अरविंद पांडेय को चाहिए कि वो मेरे खिलाफ मुकदमा करा दें। इसके बाद जांच में सामने आ जाएगा कि पत्र सही है या गलत।

नामधारी पर साधी चुप्पी

वहीं अरविंद पांडेय ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुखदेव सिंह नामधारी पर चुप्पी साध ली। अरविंद पांडेय ने कहा कि इस मामले में संगठन अपना काम करेगा और नामधारी से जवाब मांगेगा। आपको बता दें कि गणेश गोदियाल के वायरल लेटर दिखाए जाने के बाद सुखदेव सिंह नामधारी ने अरविंद पांडेय को पार्टी से निकालने की मांग की थी।

Alka Tiwari

अलका तिवारी पिछले तकरीबन बीस वर्षों से पत्रकारिता से जुड़ी हैं। इलेक्ट्रानिक मीडिया के साथ ही अलका तिवारी प्रिंट मीडिया में भी लंबा अनुभव रखती हैं। बदलते दौर में अलका अब डिजिटल मीडिया के साथ हैं और खबरदेवभूमि.कॉम में प्रमुख भूमिका निभाती हैं।

---Advertisement---

Leave a Comment