देहरादून। चुनाव करीब आते ही फिर एक बार कोटद्वार को जिला बनाने की मांग राज्य सरकार के सामने पहुंची है। विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए। इस दौरान कोटद्वार को जिला बनाने, मोटर नगर मल्टीलेवल पार्किंग के लंबित मामले और क्षेत्र में पूरी हो चुकी विकास योजनाओं के लोकार्पण को लेकर चर्चा हुई।
कोटद्वार को जिला बनाने की मांग
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार को जिला बनाए जाने की मांग को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि कोटद्वार गढ़वाल के प्रवेश द्वार के रूप में महत्वपूर्ण भौगोलिक और प्रशासनिक केंद्र है। क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए जिला बनने से लोगों को प्रशासनिक सेवाएं स्थानीय स्तर पर अधिक आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।
कोटद्वार को जिला बनाने की मांग लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख राजनीतिक और जनहित की मांगों में शामिल रही है। विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के सामने इस मुद्दे को दोबारा उठाकर इसके महत्व की ओर ध्यान आकर्षित किया।
मोटर नगर के गड्ढे का समाधान कराने की मांग
बैठक में मोटर नगर में लंबे समय से लंबित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना का मुद्दा भी उठा। ऋतु खण्डूडी ने मुख्यमंत्री को परियोजना की मौजूदा स्थिति और इससे क्षेत्रवासियों को होने वाली परेशानी से अवगत कराया।
उन्होंने इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल्द समाधान निकालने का आग्रह किया। मोटर नगर का यह मामला लंबे समय से कोटद्वार के स्थानीय मुद्दों में शामिल रहा है।
नवनिर्मित बस अड्डे के लोकार्पण के लिए CM को न्योता
ऋतु खण्डूडी भूषण ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कोटद्वार आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने नवनिर्मित बस अड्डे समेत क्षेत्र में पूरी हो चुकी विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण तथा प्रस्तावित योजनाओं के शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री से कोटद्वार आने का आग्रह किया।
इससे कोटद्वार में चल रहे विकास कार्यों को लेकर सरकार की आगामी प्राथमिकताओं पर भी नजर रहेगी।
विकास कार्यों को लेकर हुई चर्चा
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोटद्वार की जनता की जरूरतों और अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों और जनहित के मुद्दों को राज्य सरकार के समक्ष लगातार रखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में कोटद्वार के अलावा प्रदेश के समसामयिक विषयों और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

