देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड प्रेस क्लब की स्मारिका ‘गुलदस्ता’ का विमोचन किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार मौजूद रहे।
स्मारिका के विमोचन पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और पत्रकारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किसी संस्था की गतिविधियों, उपलब्धियों, विचारों और सामाजिक सरोकारों को संजोने में स्मारिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ‘गुलदस्ता’ के माध्यम से पत्रकारिता जगत से जुड़े विभिन्न पहलुओं के साथ उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा को एक स्थान पर प्रस्तुत करने का प्रयास सराहनीय है।
लोकतंत्र में मीडिया की अहम भूमिका: CM धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। मीडिया समाज को जागरूक करने के साथ जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और सरकार की योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं, उपलब्धियों और सरोकारों को सामने लाने का काम करते हैं। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है और जनता से जुड़े विषयों पर संवाद को गति मिलती है।
राज्य आंदोलन से विकास यात्रा तक पत्रकारिता का योगदान
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के निर्माण और विकास यात्रा में पत्रकारिता जगत के योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन से लेकर राज्य निर्माण और वर्तमान उत्तराखंड के विकास तक पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आज तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य की उपलब्धियों के साथ स्थानीय प्रतिभाओं, पर्यटन, संस्कृति, पर्यावरण और विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है।
तथ्यपरक पत्रकारिता से विकास को मिलती है नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि मीडिया सरकार और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। सकारात्मक और तथ्यपरक पत्रकारिता प्रदेश में विकास के मुद्दों को व्यापक स्तर पर सामने लाने के साथ समाज को सही दिशा देने में भी योगदान दे सकती है।
प्रेस क्लब ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
इस अवसर पर उत्तराखंड प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने स्मारिका ‘गुलदस्ता’ के विमोचन के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने स्मारिका के प्रकाशन से जुड़ी जानकारी भी साझा की।
प्रेस क्लब की ओर से कहा गया कि पत्रकारों के हितों से जुड़े विषयों के साथ सामाजिक सरोकारों से संबंधित मुद्दों पर भी संगठन आगे निरंतर काम करता रहेगा।

