नई दिल्ली: छह राज्यों के राज्यपाल बदले गए हैं। उत्तराखंड में भी नए राज्यपाल की नियुक्ति हुई है। डा. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल बनाया गया है। इसके साथ ही उत्तराखंड बीजेपी के प्रभारी रहे दुष्यंत गौतम को सिक्किम के राज्यपाल पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिन राज्यों के राज्यपाल बदले गए हैं उनमें सिक्किम, केरल, तमिलनाडु, ओडिशा, कर्नाटक और उत्तराखंड शामिल हैं।
राष्ट्रपति भवन से जारी सूचना के अनुसार, सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा चार अन्य राज्यों में भी राज्यपालों की नियुक्ति हुई है।
किस राज्य में किसे बनाया गया राज्यपाल?
जानकारी के मुताबिक, नियुक्तियों की सूची इस प्रकार है:
- केरल: ओम प्रकाश माथुर
- तमिलनाडु: राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर
- ओडिशा: ब्रज मोहन राम
- कर्नाटक: डॉ. सुधा यादव
- उत्तराखंड: डॉ. ढाल सिंह बिसेन
- सिक्किम: दुष्यंत गौतम
सीएम धामी ने दी ढाल सिंह बिसेन को शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन को देवभूमि उत्तराखण्ड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. ढाल सिंह बिसेन का दीर्घ राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण तथा सार्वजनिक जीवन में उनका उल्लेखनीय योगदान प्रेरणादायी है। मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता के रूप में उन्होंने जनहित और समाजसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. ढाल सिंह बिसेन के अनुभव एवं मार्गदर्शन से उत्तराखण्ड के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा राज्य की विकास यात्रा को और गति प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन के सफल, यशस्वी एवं मंगलमय कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा।

