देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क, पार्किंग, पुलिस और न्यायिक विभाग से जुड़े निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए करीब 56 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि से देहरादून, नैनीताल, चम्पावत, टिहरी, चमोली और पौड़ी गढ़वाल में अलग-अलग योजनाओं और निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बसंत विहार सोसायटी की आंतरिक सड़कों के बीएम/एसडीबीसी से सुधारीकरण के लिए 202.35 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। वहीं, नैनीताल जिले के बेतालघाट विकासखंड में दूनीखाल से रातीघाट (पाडली) तक प्रस्तावित कैंचीधाम बाईपास मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 2,173.60 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
चम्पावत में पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए धनराशि
चम्पावत जिले में राजकीय कारागार लोहाघाट में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग और अन्य कार्यों के लिए 6.73 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा रोडवेज स्टेशन चम्पावत में आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टोरी पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए स्वीकृत 6,233.44 लाख रुपये के सापेक्ष शेष 1,870 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।
अभिसूचना अधिष्ठान के लिए एक करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में अभिसूचना अधिष्ठान के गुप्त सेवा व्यय मद में अनुपूरक के माध्यम से प्रावधानित एक करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त करने का भी अनुमोदन दिया है। यह धनराशि पुलिस विभाग के बजट प्रावधान के अंतर्गत जारी की जाएगी।
टिहरी और चमोली में पुलिस एवं आवासीय सुविधाओं का विस्तार
टिहरी जिले में थाना छाम के प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। भवन निर्माण के लिए 381.75 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
वहीं, चमोली जिले के फायर स्टेशन गोपेश्वर में टाइप-द्वितीय के आठ आवासों के निर्माण के लिए 170.93 लाख रुपये अवमुक्त करने का अनुमोदन दिया गया है।
न्यायिक अधिकारियों के लिए नए वाहन खरीदे जाएंगे
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड उच्च न्यायालय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट टिहरी गढ़वाल और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पौड़ी गढ़वाल के शासकीय प्रयोजन के लिए नए वाहन खरीदने हेतु 27.21 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का भी अनुमोदन प्रदान किया है।
इन स्वीकृतियों के माध्यम से प्रदेश में सड़क संपर्क, पार्किंग व्यवस्था, पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के बुनियादी ढांचे और न्यायिक सुविधाओं को मजबूत करने से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

