हल्दवानी में चल रही दो दिवसीय उत्तराखंड बीजेपी की कार्यसमिति की बैठक के पहले दिन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने साफ कर दिया है कि शुद्धीकरण के मसले पर बीजेपी किसी भी सूरत में पीछे नहीं जाने वाली है। यही वजह रही कि इस मसले पर नितिन नबीन ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला और कहा कि शुद्धीकरण विवाद कांग्रेस की साजिश है। वहीं इस बैठक में नितिन नवीन ने सीएम धामी की भी जमकर तारीफ की। न सिर्फ राज्य सरकार के कामकाज को सराहा बल्कि अपने रिपोर्ट कार्ड में सीएम धामी को सौ फीसदी नंबर भी दे दिए।
कांग्रेस ने रचा षडयंत्र – नितिन नबीन
कार्यसमिति के दूसरे सत्र को सम्बोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि इसी हल्द्वानी की धरती से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक राजनीतिक खेल खेलने का, षड्यंत्र रचने का काम किया। जो उनकी विभाजनकारी राजनीति है और विभाजनकारी सोच है। वे इस उत्तराखंड की पवित्र भूमि को अपवित्र कर ही नहीं सकती, जहाँ के लोग तो अपने गुरुओं को, अपने देवों, देवी-देवताओं को पूजते हैं और हमारे लिए यहाँ के हर पत्थर में, कण-कण में शंकर बसा है, हम उस सोच के लोग हैं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेसी अशुद्धिशकरण के झूठ पर जोरदार हमला करते हुए इसे राहुल गाँधी और कांग्रेस नेतृत्व का विभाजनकारी षड्यंत्र बताया है। उन्होंने पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए देवभूमि को पार्टी वैचारिक प्रतिबद्धता की भूमि बताया।
27 से निकलेगा 29 का रास्ता
नितिन नवीन ने न सिर्फ कांग्रेस पर हमला बोला बल्कि कार्यकर्ताओं में जोश भी भरा। नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों में प्रचंड जीत के साथ हमें पार्टी कार्यकर्ताओं को 2029 के आम चुनाव की तरफ से मजबूती से कदम बढ़ाना है। उन्होंने भाजपा सरकार और प्रदेश संगठन की तारीफ करते हुए कहा, कार्यकर्ताओं का सामर्थ्य और जनता का विश्वास बताता है कि उत्तराखंड में भाजपा का विजय रथ नहीं रुकने वाला है। वहीं मुख्यमंत्री धामी ने आवाहन किया कि अब समय आ गया है कि सरकार के कार्यों एवं उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाकर उनका विश्वास हासिल किया जाए। जिसके साथ हमें उनका भी बेनकाब करना है जो तुष्टीकरण एवं जातिवाद से देश समाज को बांटना चाहते हैं।
सीएम धामी को दी बधाई
नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री को और उनकी पूरी टीम को बधाई दी कि भारतीय जनता पार्टी का जो विचार रहा, उसकी जो सोच रही, उसको पूरा करने का काम आपकी सरकार ने किया है। समान नागरिक संहिता को सबसे पहले आपने लागू करने का जो काम किया है, उसके लिए उत्तराखंड की जनता के साथ-साथ देश की जनता की तरफ से, भाजपा के लाखों-करोड़ों कार्यकर्ताओं की तरफ से बधाई दी। कहा, महिलाओं का जो सम्मान, सरकारी सेवाओं में जो आरक्षण, सरकारी समिताओं, सहकारी समितियों में जो महिलाओं की भागीदारी जिस प्रकार से आपने सुनिश्चित की है, वो निश्चित रूप से बधाई के पात्र हमारी सरकार हैं। चाहे शहीदों के आश्रितों को अनुग्रह राशि देने की बात हो, चाहे दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास योजना के तहत लोगों को होम स्टे की योजना को लागू करने की बात हो, मुख्यमंत्री ने जिस प्रकार से निर्णय लिया है, यह निर्णय यहाँ के लोगों को सबल बना रहा है और यहाँ के लोगों को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है।