हरिद्वार/सहारनपुर। उत्तराखंड के पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शिकायत में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां करने, ₹5 करोड़ मांगने, संपत्ति अपने नाम कराने के दबाव और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने सहारनपुर स्थित उनके आवास से उन्हें हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस ने घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर की रात हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर उनके और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि व्हाट्सऐप कॉल के जरिए रविदास धाम से जुड़ी संपत्ति अपने नाम कराने की मांग की गई। इसके साथ ही ₹5 करोड़ मांगे जाने और मांग पूरी नहीं होने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
सहारनपुर से हुई गिरफ्तारी
रिपोर्टों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद हरिद्वार पुलिस ने मामला दर्ज कर एक टीम गठित की। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उर्मिला सनावर के आवास पर कार्रवाई की और उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस ने कथित घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद करने की बात कही है।
मीडिया रिपोर्टों में पुलिस के हवाले से बताया गया है कि मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम के प्रावधानों के तहत दर्ज किया गया है। मुकदमा संख्या 387/26 दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 308(5), 308(7), 79, 356(3) और 356(2) के साथ स्त्री अशिष्ट रूपण प्रतिषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 4/10 के तहत मामला दर्ज किया है। उर्मिला को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड से भी चर्चा में रही हैं उर्मिला सनावर
उर्मिला सनावर हाल के दिनों में अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित ऑडियो और उसमें एक ‘वीआईपी’ की भूमिका को लेकर लगाए गए दावों के कारण भी चर्चा में रही हैं। इस प्रकरण की जांच सीबीआई कर रही है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने इस जांच के सिलसिले में नार्को-विश्लेषण और पॉलीग्राफ टेस्ट को लेकर अपनी सहमति भी जताई थी।
सरकार गिराने की साजिश का लगाया था आरोप
हाल ही में देहरादून स्थित सीबीआई कोर्ट में पेशी के दौरान मीडिया से बातचीत में उर्मिला सनावर ने आरोप लगाया था कि धामी सरकार को कुछ अपने ही लोगों ने गिराने की कोशिश की थी। हालांकि उर्मिला ने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन ये दावा किया कि सरकार गिराने की कोशिश करने वाले बीजेपी के भीतर से ही थे।
यही नहीं उर्मिला सनावर ने यहां तक कहा था कि अगर उनका नार्को टेस्ट होता है तो कुछ और हत्याओं के राज खुल सकते हैं। इसीलिए उन्होंने मीडिया के सामने नार्को टेस्ट कराने की मांग भी की थी।

