सीएम धामी ने PM मोदी से की मुलाकात, दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेसवे और नई रेल लाइनों समेत कई परियोजनाओं में मांगा सहयोग

Date:

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उत्तराखंड के विकास, कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने पर्वतीय राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित वित्तीय संसाधनों का हवाला देते हुए केंद्र सरकार से विभिन्न योजनाओं में सहयोग और मार्गदर्शन का अनुरोध किया।

मुलाकात के दौरान धामी ने दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेसवे निर्माण, चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार और आधुनिकीकरण, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन के सर्वेक्षण और हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण सहित कई प्रस्ताव प्रधानमंत्री के सामने रखे। उन्होंने किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान स्थापित करने का अनुरोध भी किया।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ-2027, बिजली व्यवस्था के आधुनिकीकरण, चंपावत बाईपास और देहरादून रिंग रोड जैसी परियोजनाओं में केंद्र सरकार से मिले सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।

दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेसवे और नई रेल लाइनों का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेसवे निर्माण की स्वीकृति देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से कुमाऊं क्षेत्र के पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल सकता है।

रेल कनेक्टिविटी के संबंध में मुख्यमंत्री ने टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के लिए रोड-कम-रेल ट्रैक टनल निर्माण, अतिरिक्त अलाइनमेंट का फाइनल लोकेशन सर्वे और स्वीकृति देने का अनुरोध किया। इसके साथ ही बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन के सर्वेक्षण, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के प्रस्ताव पर विचार करने की मांग रखी।

मुख्यमंत्री ने देहरादून से हरिद्वार तक क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के विस्तार के लिए मेरठ-मोदिपुरम से हरिद्वार तक फिजिबिलिटी स्टडी कराने में सहयोग का भी अनुरोध किया।

चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप और किच्छा में आयुर्वेदिक संस्थान की मांग

धामी ने उत्तरकाशी जिले की सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार, आधुनिकीकरण और सिविल-मिलिट्री उपयोग के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग मांगा। उन्होंने उत्तराखंड जैसे पर्वतीय और सीमित वित्तीय संसाधनों वाले राज्य को EAP Capping से छूट देने का अनुरोध भी किया।

स्वास्थ्य सेवाओं और आयुष क्षेत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने आयुष मंत्रालय की ओर से प्रस्तावित तीन अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थानों में से एक की स्थापना ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में करने का अनुरोध प्रधानमंत्री से किया।

कुंभ-2027 और 9,500 करोड़ की वित्तीय सहायता के लिए जताया आभार

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ-2027 के सफल आयोजन के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता तथा SASCI के अंतर्गत लगभग 9,500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत स्मार्ट मीटरिंग और विद्युत प्रणाली को मजबूत करने के लिए 3,436.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति के लिए भी धन्यवाद दिया। इसके अलावा चारधाम यात्रा के प्रमुख स्थलों पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर की व्यवस्था और चंपावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये की स्वीकृति का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने देहरादून रिंग रोड की लगभग 1,200 करोड़ रुपये की परियोजना के अलाइनमेंट अनुमोदन और देहरादून-मसूरी रोपवे के अध्ययन एवं वन स्वीकृति प्रक्रिया में सहयोग के लिए भी आभार जताया।

ऋषिकेश में यातायात दबाव कम करने के लिए फिजिबिलिटी स्टडी

मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए बजरंग सेतु से बैरागी कैंप तक अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के माध्यम से फिजिबिलिटी स्टडी कराने में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।

उन्होंने ऊर्जा, जल विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, शैक्षणिक संस्थानों और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्निर्माण कार्यों में केंद्र सरकार के सहयोग का भी उल्लेख किया।

रामनगर से त्रियुगीनारायण तक वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चल रही पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा चौपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर क्षेत्र में नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने की पहल की जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार ने वेडिंग डेस्टिनेशन पॉलिसी तैयार कर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तीन आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र भी चिह्नित किए गए हैं। इनमें पौड़ी गढ़वाल का बेलकेदार क्षेत्र, टिहरी गढ़वाल का अंजनिसैंण एवं टिहरी क्षेत्र तथा चंपावत के लोहाघाट और श्यामलाताल क्षेत्र शामिल हैं।

शीतकालीन यात्रा और साहसिक पर्यटन पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि चारधाम के प्रमुख गद्दी स्थलों से शीतकालीन यात्रा शुरू की गई है। गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) और कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) के पर्यटक आवास गृहों में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।

मुख्यमंत्री की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 तक 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शीतकालीन यात्रा की थी। आदि कैलाश में भी 73,041 श्रद्धालुओं के दर्शन करने का उल्लेख किया गया।

राज्य में रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, माउंटेन साइक्लिंग और कयाकिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। आदि कैलाश परिक्रमा रन के तहत हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन आयोजित की गई है, जबकि माणा घाटी में मैराथन प्रस्तावित है। टिहरी झील में सम-एक्रो फेस्टिवल और औली में राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप का आयोजन भी किया गया है।

हाउस ऑफ हिमालयाज का कारोबार 6.9 करोड़ रुपये पहुंचा

मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से राज्य के स्थानीय उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस ब्रांड का कारोबार 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और इसके 22 ट्रेडमार्क पंजीकृत हैं।

अमेजन, ONDC, जियो मार्ट, बिग बास्केट और ब्लिंकिट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी स्थानीय उत्पादों की बिक्री की जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ITBP के साथ हुए समझौते के तहत 7,255 बकरियों से 2.18 लाख किलोग्राम मांस और 30 टन मछली की आपूर्ति की गई है।

उन्होंने कहा कि एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स में छोटे राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड प्रथम स्थान पर रहा है। सभी जिलों में एक जिला-एक मेला आयोजित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

शिक्षा के क्षेत्र में क्लस्टर स्कूल और भारत दर्शन कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में 559 क्लस्टर विद्यालय चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 331 विद्यालयों का आकलन किया जा चुका है और 93 विद्यालयों के लिए स्वीकृतियां जारी की गई हैं।

भारत दर्शन शैक्षिक कार्यक्रम के तहत हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 379 विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित शैक्षिक, औद्योगिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संस्थानों का भ्रमण कराया गया है। इसके साथ ही उत्तराखंड दर्शन शैक्षिक कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को राज्य के प्रमुख वैज्ञानिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थानों से परिचित कराया जाएगा।

पारंपरिक उत्पादों और मां गंगा की प्रतिकृति भेंट की

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तराखंड की लोककला, पारंपरिक विरासत और स्थानीय उत्पादों से जुड़े उपहार भेंट किए। इनमें मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा यानी पारंपरिक ऊनी वस्त्र, उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल शामिल थे।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ-2027 की आध्यात्मिक महत्ता और भव्यता को प्रदर्शित करती मां गंगा की प्रतिकृति भी प्रधानमंत्री को भेंट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने और प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »
Alka Tiwari
Alka Tiwarihttps://khabardevbhoomi.com
अलका तिवारी पिछले तकरीबन बीस वर्षों से पत्रकारिता से जुड़ी हैं। इलेक्ट्रानिक मीडिया के साथ ही अलका तिवारी प्रिंट मीडिया में भी लंबा अनुभव रखती हैं। बदलते दौर में अलका अब डिजिटल मीडिया के साथ हैं और खबरदेवभूमि.कॉम में प्रमुख भूमिका निभाती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अन्य समाचार

CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 89 वर्ष की उम्र में पौड़ी के पंचूर गांव में ली अंतिम सांस

पौड़ी गढ़वाल/देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की...

फंस गए हरक सिंह रावत, असम में 21 धाराओं में FIR, 23 साल पुराने जेनी प्रकरण में फिर शुरू हुई कानूनी कार्रवाई

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता...