देहरादून के रायपुर इलाके में हुए दिन दहाड़े हुई ट्रिपल मर्डर की घटना के बारे में जिसने भी सुना वो स्तब्ध रह गया। लेकिन जब लोगों को हत्या की वजह का पता चला तो उनके मानों होश ही उड़ गए। महज तीन सौ रुपए के लिए एक शख्स ने तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दिन दहाड़े घर में हत्या से हड़कंप
मिली जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रायपुर इलाके के विष्णु लोक कॉलोनी में बने एक घर में बुजुर्ग दंपती रमेश कपूर और उनकी पत्नी रजनी कपूर रहते थे। मंगलवार दोपहर तकरीबन तीन बजे के आसपास दोनों की हत्या कर दी गई। इसी के साथ करीब के घर में घरेलू सहायिका तिलया उर्फ शीला को भी मौत के घाट उतार दिया गया।
लोगों ने हत्यारोपी को पकड़ा
आसपास के लोग शोर सुनकर बाहर निकले तो एक शख्स भागता दिखा। लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने पेचकस दिखा कर डराने का प्रयास किया। हालांकि स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए एक हत्यारोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. इसके बाद पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस की पूछताछ में खुलासा, हर कोई स्तब्ध
हत्यारोपी को पकड़ कर पुलिस थाने लाई और उसके बाद उससे पूछताछ हुई। पुलिस की पूछताछ हत्यारोपी राजकुमार ने जो कुछ बताया उसे सुनकर एकबारगी पुलिस वाले भी स्तब्ध रह गए।
दरअसल मूल रूप से बिजनौर, यूपी का रहने वाला राजकुमार प्लंबर का काम करता है और इन दिनों देहरादून के सहारनपुर चौक इलाके में रहता है। पुलिसिया पूछताछ में राजकुमार ने जो बताया हो हैरान करने वाला था। राजकुमार के मुताबिक वो पिछले दो सालों से कपूर दंपति के घर में प्लंबिंग का काम करता रहा है। मंगलवार को भी उसे प्लंबिंग के काम के लिए कपूर दंपती ने घर पर बुलाया था। राजकुमार घर पहुंचा और अपने काम के पैसे मांगे। राजकुमार अपने काम के 600 रुपए मांग रहा था जबकि बुजुर्ग दंपति 300 रुपए दे रहा था। राजकुमार की माने तो पैसों को लेकर विवाद बढ़ा तो बुजुर्ग दंपति ने उन्हे गालियां देनी शुरू कर दीं। इसी बात से नाराज राजकुमार ने अपने पास मौजूद पेचकस से दोनों के ऊपर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
आवाज सुन आई शीला, सो गई मौत की नींद
इसी बीच राजकुमार और कपूर दंपति के बीच हुए विवाद और कपूर दंपति की चीखें सुनकर बगल के घर में काम करने वाली शीला भी कपूर दंपति के घर में दाखिल हो गई। शीने ने कपूर फैमिली पर हो रहे हमले को रोकने की कोशिश की और बीच बचाव में राजकुमार ने उसके ऊपर भी पेचकस से वार कर दिया। इसी वार में शीला भी हमेशा के लिए मौत की नींद सो गई।
मानों कोई शिकवा नहीं
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राजकुमार को मौके से भागते हुए पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। शाम को पुलिस ने मीडिया के सामने इस मामले का खुलासा किया और राजकुमार को मीडिया के सामने पेश किया। इसी बीच मीडिया ने जब राजकुमार से हत्या के बारे में जानकारी लेनी चाही तो उसने तेज आवाज में बताया कि उन्हे बहन की गाली दी जा रही थी इसीलिए मार दिया। जब मीडिया ने उससे पूछा कि कोई गाली देगा तो तुम जान से मार दोगे तो राजकुमार ने उल्टा मीडिया से ही पूछा तो क्या बहन की गाली सुनता ? राजकुमार को देखकर कहीं से ऐसा नहीं लगा कि उसे इन तीन हत्याओं का कोई अपराध बोध है। फिलहाल इन तीन हत्याओं की पूरे शहर में चर्चा हो रही है और लोग अपनी – अपनी तरह से इस घटना को देख रहे हैं।

