अंकिता भंडारी हत्याकांड में नया विवाद, पुलकित के पिता विनोद आर्य ने उठाए जांच पर सवाल, 4085 पन्नों की व्हाट्सअप चैट का हवाला

Date:

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »

हरिद्वार। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य रविवार को अपने अधिवक्ता के साथ मीडिया के सामने आए। उन्होंने अपने बेटे को निर्दोष बताते हुए मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की। विनोद आर्य ने दावा किया कि अंकिता की मौत हत्या नहीं, बल्कि आत्महत्या थी। उन्होंने इस संबंध में अंकिता और उसके मित्र के बीच हुई कथित चैट का भी हवाला दिया।

हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विनोद आर्य ने कहा कि उनके पास अंकिता और उसके मित्र पुष्प के बीच हुई बातचीत के करीब 4,085 पन्नों के चैट रिकॉर्ड हैं। उनका दावा है कि ये चैट वर्ष 2023 में उन्हें अदालत से प्राप्त हुई थीं और इनमें ऐसे तथ्य हैं, जिन पर जांच के दौरान पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।

अंकिता के माता-पिता और मित्र को लेकर किए दावे

विनोद आर्य ने दावा किया कि अंकिता और पुष्प एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जातियों से होने के कारण उनके परिवार इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता अपने माता-पिता और मित्र के व्यवहार से परेशान थी।

उन्होंने कथित चैट के कुछ हिस्सों का हवाला देते हुए अंकिता को प्रताड़ित किए जाने का दावा किया। हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस में किए गए इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इन्हें अदालत के निष्कर्ष या जांच में प्रमाणित तथ्य नहीं माना जा सकता।

‘मामले में कोई VIP शामिल नहीं था’

अंकिता हत्याकांड में शुरुआत से ही कथित VIP की भूमिका को लेकर सवाल उठते रहे हैं। विनोद आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मामले में कोई VIP शामिल नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे और उसके साथियों को राजनीतिक दबाव में फंसाया गया।

उन्होंने पूरे मामले की नए सिरे से निष्पक्ष जांच कराने और कथित चैट को CBI की जांच में शामिल करने की मांग की। उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने भी मामले की जांच और घटनाक्रम को लेकर सवाल उठाए।

पुलकित आर्य और दो अन्य आरोपियों को हो चुकी है उम्रकैद

अंकिता भंडारी वर्ष 2022 में ऋषिकेश के वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थीं। 18 सितंबर 2022 को उनके लापता होने के बाद मामला सामने आया था। छह दिन बाद उनका शव चीला नहर से बरामद हुआ था।

इस मामले में रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर तथा अंकित गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था। मई 2025 में कोटद्वार की अदालत ने तीनों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।

अदालत में चले मुकदमे के बाद आए इस फैसले के बावजूद अब विनोद आर्य की प्रेस कॉन्फ्रेंस और उनके नए दावों ने मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। उनके आरोपों और CBI जांच की मांग पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर रहेगी।

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अन्य समाचार

Uttarakhand Roller Skating Championship 2026:208 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, देखें पूरी Winner List

देहरादून: Uttarakhand Roller Skating Championship 2026: उत्तराखंड की खेल...

उत्तराखंड के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली के बाद बड़ी सौगात, महंगाई भत्ता 3% बढ़ा, अब मिलेगा 63 फीसदी DA

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य...