देहरादून ब्रेकिंग : इस थाने में अचानक पहुंच गए सीएम धामी, गायब मिले थानेदार, अब होगी बड़ी कार्रवाई

0
सीएम धामी, थाना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के औचक निरीक्षण में देहरादून के डालनवाला थाने की पोल खुल गई है। हालात ये हैं कि सीएम धामी के निरीक्षण के दौरान थानेदार ही ड्यूटी से गायब मिले। थाने में गंदगी और अव्यवस्थाएं देख धामी इतने नाराज हुए कि उन्होंने थानेदार को तुरंत ही लाइन हाजिर करने के निर्देश दे दिए।

अचानक देहरादून के डालनवाला थाने पहुंचे धामी

दरअसल शुक्रवार को शासन में बैठकों का दौर चला। इसके बाद जैसे ही सीएम धामी बैठकों से खाली हुए उन्होंने अपना काफिला देहरादून के डालनवाला थाने की ओर मोड़ दिया। धामी के औचक निरीक्षण के दौरान थानेदार ही ड्यूटी से गायब मिले। इस बात से सीएम धामी खासे नाराज हो गए। सीएम धामी ने ऑन द स्पॉट फैसला सुना दिया और एसएसपी अजय सिंह को निर्देश दे दिए कि थानेदार को तुरंत प्रभाव से लाइन हाजिर कर दें। मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था और जनसेवा जैसे संवेदनशील दायित्वों में किसी भी स्तर की लापरवाही अक्षम्य अपराध है और ऐसे मामलों में तत्काल एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।

शिकायतकर्ताओं से सीधे मिले, ढिलाई पर कार्रवाई की चेतावनी

इस औचक निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस स्टेशन में आए कई शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को औपचारिकता नहीं बल्कि उत्तरदायित्व समझकर दर्ज किया जाए तथा उनका तत्काल, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री महिला हेल्प डेस्क पर भी पहुंचे और वहां मौजूद महिला फरियादियों से बातचीत कर उनकी शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई को अनिवार्य बताते हुए किसी भी प्रकार की ढिलाई पर सख़्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

देखा FIR रजिस्टर

मुख्यमंत्री ने एफआईआर रजिस्टर का विस्तृत निरीक्षण करते हुए दर्ज मामलों पर की गई कार्रवाई, फॉलोअप की स्थिति तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने ड्यूटी रजिस्टर और उपस्थिति रजिस्टर का भी निरीक्षण कर कर्मियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

गंदगी और अव्यवस्था ने बिगाड़ा मूड

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने थाने में स्थित कारागार में गंदगी और अव्यवस्था पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की और तत्काल समुचित साफ-सफाई एवं मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने की स्थिति ही शासन-प्रशासन की कार्यसंस्कृति को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने वाहन जांच अभियान, वेरिफिकेशन ड्राइव तथा अपराध नियंत्रण को लेकर चल रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि इन अभियानों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने के आदेश दिए।

कानून व्यवस्था से जुड़ा प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह है। जनसेवा में लापरवाही, अनुशासनहीनता या संवेदनहीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनहित में सख़्त से सख़्त कार्रवाई करने से सरकार पीछे नहीं हटेगी।” – सीएम धामी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here