UCC से नकल विरोधी कानून तक, धामी सरकार के कार्यकाल में उत्तराखंड में लागू हुए कई बड़े कानून

Date:

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »

समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और संपत्ति नुकसान की वसूली के लिए बने कानूनों को सरकार ने बताया सुशासन और जवाबदेही की दिशा में अहम कदम

देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और विभिन्न क्षेत्रों में कानूनी नियमन के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने से लेकर भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाने तक, सरकार ने कई विधायी कदम उठाए हैं।

सरकार इन फैसलों को पारदर्शिता, जवाबदेही और राज्य के हितों की सुरक्षा से जोड़कर देख रही है। इनमें समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून में संशोधन, सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से वसूली तथा सख्त भू-कानून प्रमुख हैं।

27 जनवरी 2025 से उत्तराखंड में लागू हुई समान नागरिक संहिता

उत्तराखंड 27 जनवरी 2025 को समान नागरिक संहिता लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना। इसके तहत विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे व्यक्तिगत नागरिक मामलों के लिए एक समान कानूनी व्यवस्था लागू की गई है।

सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य व्यक्तिगत कानूनों से जुड़े मामलों में समानता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। UCC के लागू होने के साथ ही इसके संचालन के लिए नियम और ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था भी शुरू की गई।

भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक पर सख्त कानून

सरकारी नौकरियों की भर्ती परीक्षाओं में नकल, पेपर लीक और संगठित गिरोहों की भूमिका पर अंकुश लगाने के लिए वर्ष 2023 में उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं नियंत्रण के उपाय) अधिनियम लागू किया गया।

इस कानून में परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े संगठित अपराधों, प्रश्नपत्र लीक और अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर कड़े दंड का प्रावधान है। संगठित रूप से परीक्षा में गड़बड़ी कराने वाले व्यक्ति, संस्थान या गिरोह के लिए आजीवन कारावास और अधिकतम 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। अनुचित साधनों से अर्जित संपत्ति जब्त करने और दोषी अभ्यर्थियों को भविष्य की परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने जैसी व्यवस्थाएं भी इसमें शामिल हैं।

धर्मांतरण कानून में किया गया संशोधन

उत्तराखंड में अवैध धर्मांतरण पर रोक लगाने के लिए पहले से लागू धर्म स्वतंत्रता कानून को वर्ष 2022 में संशोधित कर अधिक सख्त बनाया गया। इसके तहत बल, प्रलोभन, धोखाधड़ी, अनुचित प्रभाव, दबाव या अन्य अवैध तरीकों से धर्म परिवर्तन कराने पर कार्रवाई का प्रावधान है।

संशोधित कानून में अपराध की गंभीरता के अनुसार सजा और जुर्माने के प्रावधान बढ़ाए गए हैं। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य धोखाधड़ी या दबाव के माध्यम से कराए जाने वाले धर्मांतरण पर रोक लगाना है।

सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर वसूली का प्रावधान

दंगों, बंद, विरोध-प्रदर्शनों या अन्य घटनाओं के दौरान सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों की जवाबदेही तय करने के लिए उत्तराखंड लोक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम, 2024 लागू किया गया।

इस कानून के तहत संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन करने और जिम्मेदार लोगों से क्षतिपूर्ति वसूलने के लिए दावा अधिकरण गठित करने का प्रावधान है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचने की स्थिति में उसका आर्थिक बोझ आम जनता या संपत्ति मालिकों पर न पड़े।

11 पर्वतीय जिलों में बाहरी राज्यों के लोगों के लिए कृषि भूमि खरीद पर रोक

उत्तराखंड की भूमि और स्थानीय संसाधनों की सुरक्षा के उद्देश्य से वर्ष 2025 में सख्त भू-कानून लागू किया गया। इसके तहत हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को छोड़कर प्रदेश के 11 जिलों में बाहरी राज्यों के लोगों के लिए कृषि और उद्यान भूमि खरीदने पर प्रतिबंध लगाया गया है।

यह व्यवस्था संबंधित कानून के दायरे में आने वाले क्षेत्रों पर लागू होती है। इसके पीछे सरकार का उद्देश्य कृषि भूमि के अनियंत्रित हस्तांतरण को रोकना और स्थानीय लोगों के भूमि संबंधी हितों की रक्षा करना बताया गया है।

13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराने का दावा

सरकार के अनुसार, प्रदेश में धार्मिक स्थलों के नाम पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया है। सरकार इसे सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और अतिक्रमण पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई बता रही है।

इसके अलावा धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर लोगों को धोखा देने के आरोपों पर कार्रवाई के लिए ऑपरेशन कालनेमि भी शुरू किया गया। इस अभियान के तहत ऐसे मामलों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई है।

कानून आधारित शासन व्यवस्था पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लिए गए इन फैसलों को राज्य सरकार कानून आधारित शासन, पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत करने की दिशा में उठाए गए कदम बता रही है। UCC, नकल विरोधी कानून और भू-कानून जैसे फैसलों के जरिए सरकार ने उत्तराखंड में कानूनी नियमन को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है।

हालांकि, इन कानूनों का वास्तविक प्रभाव उनके प्रभावी क्रियान्वयन, निष्पक्ष कार्रवाई और नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा के आधार पर भी आंका जाएगा।

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »
Alka Tiwari
Alka Tiwarihttps://khabardevbhoomi.com
अलका तिवारी पिछले तकरीबन बीस वर्षों से पत्रकारिता से जुड़ी हैं। इलेक्ट्रानिक मीडिया के साथ ही अलका तिवारी प्रिंट मीडिया में भी लंबा अनुभव रखती हैं। बदलते दौर में अलका अब डिजिटल मीडिया के साथ हैं और खबरदेवभूमि.कॉम में प्रमुख भूमिका निभाती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अन्य समाचार

उत्तरकाशी के पवाणी गांव पहुंचे CM धामी, अग्निकांड प्रभावित हर परिवार को 5 लाख की मदद का ऐलान

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी...