संविधान के आदर्शों को व्यवहार और कार्यशैली में उतारें, सीएम धामी ने अभियोजन विभाग के लिए कीं तीन घोषणाएं

Date:

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »

देहरादून। संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभियोजन विभाग को मजबूत बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता के लिए विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने, अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण और प्रदेश के सभी जिलों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने की घोषणा की।

गुरुवार को पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान के आदर्शों और मूल्यों को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान को याद करते हुए कहा कि संविधान की भावना के अनुरूप न्याय, समानता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।

अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के संबंध में अभियोजन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। आम नागरिकों को भी इन कानूनों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की जाएगी।

उन्होंने अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। साथ ही प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इन कदमों से अभियोजन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश की आपराधिक न्याय व्यवस्था अधिक मजबूत होगी। कार्यक्रम में उन्होंने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

12 विभूतियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एस.सी. बिरमानी और गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना और डॉ. महेश कुड़ियाल, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् ललित जोशी तथा सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट और सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन भी किया।

नए आपराधिक कानूनों से न्याय व्यवस्था में बदलाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। विवेचना अधिकारियों की ओर से जुटाए गए साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करना और तथ्यों को न्यायालय के सामने स्पष्ट एवं निष्पक्ष तरीके से प्रस्तुत करना अभियोजन अधिकारियों की अहम जिम्मेदारी है। पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए अभियोजन पक्ष की प्रभावी भूमिका जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक, सरल और नागरिक केंद्रित बनाने के लिए भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं। इन नए कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष ध्यान दिया गया है। इनके लागू होने के बाद अभियोजन अधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन के प्रयासों के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।

ई-फाइलिंग और डिजिटल अदालतों का हो रहा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नए न्यायालय भवनों के निर्माण और पुराने भवनों के आधुनिकीकरण पर काम कर रही है। ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों के लिए न्याय तक पहुंच आसान बनाने में मदद मिल रही है।

उन्होंने कहा कि युवा अधिवक्ताओं के कौशल विकास, विधि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और महिला अधिवक्ताओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का प्रभाव तभी दिखाई देता है, जब उसका पालन बिना किसी भेदभाव के सुनिश्चित किया जाए और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो। देवभूमि उत्तराखंड में कानून का राज कायम रखना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करना सरकार का संकल्प है।

कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन ए.पी. अंशुमान सहित अभियोजन और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »
Alka Tiwari
Alka Tiwarihttps://khabardevbhoomi.com
अलका तिवारी पिछले तकरीबन बीस वर्षों से पत्रकारिता से जुड़ी हैं। इलेक्ट्रानिक मीडिया के साथ ही अलका तिवारी प्रिंट मीडिया में भी लंबा अनुभव रखती हैं। बदलते दौर में अलका अब डिजिटल मीडिया के साथ हैं और खबरदेवभूमि.कॉम में प्रमुख भूमिका निभाती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अन्य समाचार

उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर अधिकारियों के ट्रांसफर, देखिए पूरी लिस्ट

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल...

बिन्दुखत्ता में बनेगा 1000 लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक सभागार, सीएम धामी ने की घोषणा

बिन्दुखत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के...

चम्पावत को ₹165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने 21 का किया लोकार्पण और 33 का शिलान्यास

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत...