IPL 2025 : पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को हराया, 10 साल बाद क्वालिफायर में पहुंची

0
PUNJAB KINGS VS MUMBAI INDIAN SCORE BOARD

आईपीएल 2025 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच चुका है। सोमवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में एक अहम मैच खेला गया. सीजन के 69वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स की टीमें आमने-सामने हुईं. इस मैच में पंजाब ने बाजी मारी और पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया. वहीं, मुंबई ने लीग स्टेज चौथे स्थान पर खत्म किया है. जोश इंग्लिश और प्रियांश आर्या की अर्धशतकीय पारियों के दम पर पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस (mumbai indians vs punjab kings match) को सात विकेट से हराकर क्वालिफायर-1 में प्रवेश कर लिया। अब दूसरी टीम का फैसला मंगलवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मैच से होगा।

सोमवार को खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 184 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने 18.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 187 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। पंजाब किंग्स ने 10 साल बाद क्वालिफायर में प्रवेश किया है। इससे पहले टीम 2014 में क्वालिफायर में पहुंची थी। श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम ने लीग चरण का समापन 14 मैचों में नौ जीत और चार शिकस्त के साथ किया। उसने गुजरात टाइटंस को धकेल कर 19 अंक और 0.372 के नेट रन रेट के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं, मुंबई आठ जीत और छह हार के साथ चौथे स्थान पर रही।

फिलहाल तीसरे स्थान पर आरसीबी है जिसे मंगलवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मैच खेलना है। इस मैच में अगर रजत पाटीदार के नेतृत्व वाली आरसीबी जीत दर्ज करती है तो वह दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगी और पंजाब के खिलाफ 29 मई को क्वालिफायर-1 मैच खेलेगी।

185 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब को पहला झटका 34 के स्कोर पर लगा था। जसप्रीत बुमराह ने प्रभसिमरन सिंह को पवेलियन की राह दिखाई। वह सिर्फ 13 रन बना पाए। हालांकि, पंजाब के बल्लेबाजों ने हार नहीं मानी और प्रियांश आर्या ने जोश इंग्लिश के साथ मिलकर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 109 रनों की विशाल साझेदारी हुई। दोनों ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। सलामी बल्लेबाज प्रियांश ने नौ चौके और दो छक्के की मदद से 62 रन बनाए। वहीं, इंग्लिश ने 42 गेंदों में 73 रनों की धमाकेदार पारी खेली। इसके बाद श्रेयस अय्यर ने टीम को जीत दिलाई। वह 16 गेंदों में 26 और नेहाल वढेरा दो रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए मिचेल सैंटनर ने दो और बुमराह ने एक विकेट लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here