देहरादून चिड़ियाघर में अब दिखेगा नीली आंखों वाला सफेद बाघ ‘तेजस’, सीएम धामी ने किया बाड़े का लोकार्पण

Date:

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »

देहरादून। देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में आने वाले पर्यटकों को अब नीली आंखों वाले सफेद बाघ ‘तेजस’ के दीदार का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सफेद बाघ के लिए बनाए गए बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है।

हर साल 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं चिड़ियाघर

मुख्यमंत्री के अनुसार, देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले चिड़ियाघर में अन्य प्रजातियों के दो बाघ भी लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है। अब ‘तेजस’ के आने से वन्यजीवों को देखने के लिए यहां आने वाले लोगों को एक नया आकर्षण मिलेगा।

कॉलेज विद्यार्थियों को भी मिलेगी मुफ्त एंट्री

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। इससे पहले बच्चों के लिए भी मुफ्त भ्रमण की व्यवस्था की गई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं है, बल्कि बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी देने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। विद्यार्थियों को यहां व्यावहारिक रूप से वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण से जुड़े विषयों को समझने का अवसर मिलेगा।

पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड की वन संपदा और जैव विविधता को प्राकृतिक धरोहर बताते हुए मुख्यमंत्री ने इनके संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि नई पीढ़ी को प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनाना जरूरी है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम में वन मंत्री समेत अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अन्य समाचार

फंस गए हरक सिंह रावत, असम में 21 धाराओं में FIR, 23 साल पुराने जेनी प्रकरण में फिर शुरू हुई कानूनी कार्रवाई

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता...