हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट अपना फैसला सुना सकती है। इस फैसले से पहले पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था खासी कड़ी कर दी है। करीब 500 पुलिसकर्मियों के साथ ही और पीएसी के जवान भी बनभूलपुरा में तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही ड्रोन से भी निगरानी भी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
बनभूलपुरा को लेकर SSP ने ली मीटिंग
सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले मंगलवार को नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने पुलिस फोर्स को ब्रीफ किया और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने ब्रीफिंग के दौरान एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल,सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, रविकांत सेमवाल क्षेत्राधिकारी भवाली पुलिस उपाधीक्षक बलजीत सिंह भाकुनी, सीएफओ, गौरव किरार आदि मौजूद रहे।
भारी फोर्स की तैनाती, चप्पे चप्पे पर नजर
सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले ही नैनीताल पुलिस ने चप्पे – चप्पे पर नजर रखने के लिए भारी फोर्स की तैनाती कर दी है। पुलिस के साथ ही पीएसी के जवानों को भी लगाया गया है। पुलिस ने दो सुपर जोन बनाए हैं और इनके भीतर चार जोन होंगे। इनमें एसपी रैंक के दो अधिकारियों की तैनाती होगी इसके साथ ही पांच सीओ, 15 इंस्पेक्टर व एसओ, 10 चौकी प्रभारी, 45 पुरुष दरोगा, 10 महिला दरोगा, 182 हेड कांस्टेबल व सिपाही और 47 महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पीएसी की 2 कंपनियां और ड्रोन की 2 विशेष टीमें भी तैनात र
▫️Super zone- 02
▫️Zone- 04
▫️SP- 02
▫️COs- 05
▫️Ins/SOs- 15
▫️ IC/OP- 10
▫️SI/AddSI- 45
▫️LSI/ AddLSI- 10
▫️ HC/Con- 182
▫️LHC/ Con- 47
▫️PAC- 02 COY
▫️DRON- 2 Team
विशेष पुलिस एवं सुरक्षा टीमें
- ड्रोन निगरानी के लिए 02 विशेष टीमें
- अग्निशमन विभाग की 04 यूनिट
- यातायात पुलिस की 04 टीमें
- बम निरोधक दस्ते की 01 टीम
- हॉक पुलिस की 02 यूनिट
- पुलिस लाइन से अतिरिक्त विशेष दस्ते
- टियर गैस की 02 टीमें
- एंटी रायट की 02 टीमें
- फायरिंग स्क्वाड की 02 टीमें
छत से लेकर सोशल मीडिया तक रहेगी नजर
नैनीताल पुलिस ने बनभूलपुरा पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले इलाके के मकानों की छतों से लेकर इलाके के लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट्स तक पर नजर रखनी शुरू कर दिया है। पुलिस ने ड्रोन से छतों की निगरानी शुरू कर दी है। इलाके में मकानों के ऊपर छतों पर ईंट -पत्थर जमा करने पर कार्रवाई भी होगी। इसके साथ ही हथियार रखने वालों पर भी नजर है। वहीं पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी है। अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट डालने या माहौल खराब करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
आम जनता से अपील
नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि माननीय न्यायालय के निर्णय का सम्मान एवं पालन करें, शांति एवं सौहार्द बनाए रखें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।सोशल मीडिया पर भी नैनीताल पुलिस की पैनी नजर है। अफवाह, भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सूचनाओं को प्रसारित करने, लोगों को गुमराह करने तथा अनर्गल/भड़काऊ बयानबाजी करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
इलाके में निकाला फ्लैग मार्च
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने बनभूलपुरा इलाके में फ्लैग मार्च निकाला और संदिग्धों पर निगरानी बढ़ा दी है। किसी भी अप्रिय हालात से निपटने के लिए भी पुलिस ने अपनी तैयारी कर ली है।