गैरसैंण पहुंची सरकार, 7,000 करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट होगा पेश

Date:

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »

गैरसैंण/देहरादून। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में मंगलवार, 27 अक्टूबर से दो दिवसीय विधानसभा सत्र शुरू हो रहा है। पुष्कर सिंह धामी सरकार इस सत्र में 7,000 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके साथ ही आठ विधेयक सदन के पटल पर रखे जाने हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस सत्र को राजनीतिक लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पहले दिन दिवंगत नेताओं को दी जाएगी श्रद्धांजलि

निर्धारित कार्यसूची के अनुसार, सत्र की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी और पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट सहित दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देने के साथ होगी। इसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ेगी।

पहले दिन प्रश्नकाल नहीं होगा। भोजनावकाश के बाद सरकार अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी। दूसरे दिन, 28 अक्टूबर को बजट पर चर्चा और उसे पारित कराने की प्रक्रिया निर्धारित है। हालांकि, सदन की कार्यवाही के दौरान कार्यक्रम में बदलाव संभव है।

7,000 करोड़ से अधिक के बजट पर रहेगी नजर

धामी सरकार का अनुपूरक बजट 7,000 करोड़ रुपये से अधिक का होगा। इससे पहले 22 अक्टूबर को राज्य मंत्रिमंडल ने 7,412 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट को मंजूरी दी थी।

अनुपूरक बजट के जरिए वित्तीय वर्ष के दौरान उन मदों और योजनाओं के लिए अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान किया जाता है, जिनके लिए पहले स्वीकृत बजट से अधिक राशि की आवश्यकता होती है।

आठ विधेयक भी सदन में होंगे पेश

दो दिवसीय सत्र में सरकार की ओर से आठ विधेयक पेश किए जाने हैं। इनमें समान नागरिक संहिता (यूसीसी), उत्तराखंड जनविश्वास अधिनियम में संशोधन और उत्तराखंड माल एवं सेवा कर अधिनियम से संबंधित विधेयक शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों और बोर्डों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन में रखी जाएंगी।

विपक्ष के तेवर से बढ़ सकती है सियासी गर्मी

विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, महंगाई और अंकिता भंडारी हत्याकांड समेत प्रदेश के विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

कांग्रेस ने 27 अक्टूबर को विधानसभा घेराव का भी ऐलान किया है। ऐसे में सदन के भीतर और बाहर सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकता है।

सरकार की ओर से विपक्ष के सवालों का जवाब देने की तैयारी की गई है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि बजट और विधायी कामकाज के बीच सदन की कार्यवाही कितनी सुचारु रहती है और विपक्ष अपने मुद्दों को किस तरह उठाता है।

इसके साथ ही उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी पर भी विपक्ष सरकार से सवाल पूछ सकता है।

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अन्य समाचार

उर्मिला सनावर के खिलाफ एक और FIR, सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत गौतम पर टिप्पणी का मामला

देहरादून। अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ...