Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

Date:

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। वहीं मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। वहीं, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने भी सचिव से बात कर आम लोगों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।

चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता

सचिव विनोद कुमार सुमन ने चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि खराब मौसम या किसी संभावित खतरे की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए। संबंधित अधिकारी यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखें और परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लें।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही के दौरान भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों और विभागीय नोडल अधिकारियों को अलर्ट रहने तथा किसी घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

भूस्खलन और सड़कें बंद होने की आशंका, विभागों को तैयारी के निर्देश

पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम के कारण भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़क मार्ग बाधित होने की आशंका को देखते हुए लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, सीमा सड़क संगठन और अन्य संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को मशीनरी एवं आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सचिव ने कहा कि सड़क मार्ग बाधित होने पर संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई कर यातायात बहाल करने की व्यवस्था करें। आपात स्थिति में प्रभावित लोगों तक शीघ्र सहायता पहुंचाने के लिए राहत एवं बचाव दलों को भी तैयार रखा जाए।

ओलावृष्टि से प्रभावित लोगों को जल्द मिलेगी सहायता

बैठक में ओलावृष्टि से हुए नुकसान और प्रभावित लोगों को राहत उपलब्ध कराने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। सचिव विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों को नुकसान का आकलन कर सहायता के लिए आवश्यक मांग और प्रस्ताव जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रभावितों को राहत देने के लिए धनराशि की जरूरत होने पर मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता के लिए औपचारिक प्रस्ताव तत्काल भेजे जाएं। रिकवरी एंड रिकंस्ट्रक्शन के तहत जरूरी धनराशि के प्रस्ताव भी जल्द प्रस्तुत करने को कहा गया है।

सचिव के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने प्रस्ताव भेजने में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए प्रभावित लोगों को जल्द सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों और ओलावृष्टि से हुए नुकसान के आकलन के आधार पर पुनर्बहाली के कार्यों में तेजी लाने को भी कहा गया है।

चीड़बासा में पत्थर गिरने से बचाव के लिए सुरक्षा जाल लगाने का प्रस्ताव

बैठक में चीड़बासा क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने की समस्या पर भी चर्चा हुई। सचिव ने संबंधित अधिकारियों को यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपायों का प्रस्ताव जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए।

पत्थर गिरने से बचाव के लिए सुरक्षा जाल (नेटिंग) लगाने संबंधी प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है, ताकि आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जा सके।

मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

आपदा प्रबंधन सचिव ने आमजन से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने नदी-नालों, जलधाराओं और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास विशेष सावधानी बरतने को कहा।

किसी भी आपात स्थिति या आपदा संबंधी घटना की सूचना राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1070 पर दी जा सकती है।

बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) डीआईजी राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा, मोहित माथुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

उत्तराखंड की हर खबर सबसे पहले पाएं! अभी जुड़ें »

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अन्य समाचार

उत्तराखंड में 18 शिक्षा अधिकारियों को प्रमोशन, कई जिलों को मिले नए मुख्य शिक्षा अधिकारी

देहरादून। उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा विभाग में 18 उप...

उत्तराखंड में 1818 पदों पर भर्ती की तैयारी, पुलिस से वन विभाग तक मिलेंगे नौकरी के अवसर

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे...